जनपद के सिलगढ़ पट्टी अंतर्गत ग्राम कुमड़ी स्थित कूष्माण्डा देवी मंदिर परिसर में कूष्माण्डा देवी मंदिर समिति की ओर से निशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, प्रौढ़ों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर एवं मानसिक संतुलन के महत्व को जाना। योग शिविर में मुख्य योग प्रशिक्षक के रूप में राजकीय महाविद्यालय जखोली की योग शिक्षिका योगी देवकी नंदन बमोला को ने सभी को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही योग के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में बताया। वहीं मंदिर समिति ने बताया कि भगवती कूष्माण्डा का यह प्राचीन मंदिर स्कंदपुराण के केदारखंड (अध्याय 196) सहित कई सनातन ग्रंथों में वर्णित है। यह शक्तिपीठ अत्यंत प्राचीन और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर समिति के अध्यक्ष गोकुल सिंह रावत, सचिव मुकेश बिष्ट एवं कोषाध्यक्ष नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि समिति न केवल धार्मिक कार्यों में बल्कि योग, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी निरंतर सक्रिय है।