अगस्त्य मुनि महाराज की पावन डोली एक महीने की यात्रा के पश्चातअपने सैण (मैदान) की ओर प्रस्थान करने जा रही है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को अगस्त्य पंचकोटी संघर्ष समिति की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष राजेश बेंजवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि महाराज की डोली क्षेत्रिय भ्रमण कर गद्दीस्थल की ओर प्रस्थान कर रही है। यह अवसर क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और श्रद्धा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से मैदान की सामूहिक सफाई अभियान चलाया जा रहा है ताकि डोली प्रस्थान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं लोक गायक धर्म सिंह ने भी आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों के वाहन मैदान या आसपास खड़े हैं, वे उन्हें समय रहते हटा लें, जिससे डोली प्रस्थान के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इस दौरान शेखर नौटियाल, सुशील गोस्वामी, गजपाल सिंह, गंगू कोठियाल, मनवर सिंह रावत, दीपक बेंजवाल, उत्तम नेगी, अर्जुन सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।