शहर के सरकड़ी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुउद्देशीय समाज कल्याण शिविर का आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अफजाल अली ने की। शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार जिले की तीनों विधानसभाओं में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि किसी भी नागरिक को सरकारी सुविधा से वंचित न रहना पड़े। बहुउद्देशीय शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा व दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली बिल, जलभराव, चकरोड और राजस्व भूमि से जुड़ी कुल 36 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही विभागीय अधिकारियों की ओर से किया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इस अवसर पर इनायत सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष दानिश गौड़ ने बताया कि ट्रस्ट लंबे समय से आपदा प्रभावित क्षेत्रों और जरूरतमंद परिवारों के लिए कार्य कर रहा है। सर्दी के मौसम को देखते हुए सरकड़ी गांव में लगभग 200 परिवारों को राशन किट का वितरण किया गया।