पिथौरागढ़ जिले के विस्थापन की मांग पर छलमाछिलासो के ग्रामीण 80 किलोमीटर की पदयात्रा कर तीन दिन बाद तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठक गए। एसडीएम ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तो उनका आक्रोश शांत हुआ। आपदा प्रभावित छलमाछिलासो में वर्ष 2019 में 136 परिवारों का विस्थापन होना था। इनमें से 52 परिवारों का विस्थापन किया गया लेकिन 84 परिवार छोड़ दिए गए। इससे आक्रोशित ग्रामीण ग्राम प्रधान पूजा वर्मा और बीडीसी बसु देवी के नेतृत्व में बुधवार को तीन दिन की पद यात्रा कर तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विस्थापन की मांग पर एसडीएम आशीष जोशी को ज्ञापन दिया और धरने पर बैठ गए। एसडीएम ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तो फिलहाल उन्होंने धरना स्थगित कर दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिन के भीतर उचित कार्यवाही नहीं हुई तो वे धरना शुरू कर देंगे। इस मौके पर जितेंद्र वर्मा, शंकर वर्मा, सुनील, करन कुमार, हरीश वर्मा, उमेद प्रसाद, साबिर प्रसाद, कमल सिस्ताल, मोहन कुमार, आशुतोष कुमार, सुमन वर्मा, मीरा देवी, पुष्पा वर्मा समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।