यूकेडी की कुमाऊं क्रांति संवाद यात्रा शनिवार को पिथौरागढ़ पहुंची। नगर के गांधी चौक में आयोजित संवाद कार्यक्रम में युवा इकाई के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि पूरे उत्तराखंड में यूकेडी के समर्थन में माहौल तैयार हो रहा है। आज उत्तराखंडियों की मूल पहचान, भाषा-संस्कृति और अधिकार खतरे में पड़े चुके हैं। ऐसे में यूकेडी जनविरोधी राष्ट्रीय दलों के खिलाफ पूरे प्रदेश में बिगुल फूकेगी। नेगी ने कहा कि जिन शहादतों, संघर्षों, सपनों और विचारों के आधार पर उत्तराखंड राज्य बना इसे भाजपा-कांग्रेस के 26 वर्षों के शासन ने तहस-नहस कर दिया है। हमारी मूल पहचान व अधिकारों को खतरे में डालने वालों को सत्ता से बाहर कर यूकेडी को लाना होगा। आज उत्तराखंड में दूसरे राज्यों के लोग नौकरियां पा रहे हैं जबकि यहां के युवा भटक रहे हैं। बाहरी लोग आकर राज्य में अराजकता फैला रहे हैं। नेगी ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने राज्य को ऐसा बना दिया है कि उत्तराखंड के लोग अब त्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में दल ने यह संवाद यात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि यूकेडी राज्य के गांव-गांव जाकर मूल निवास, गैरसैंण राजधानी, जंगली जानवरों से परेशान किसानों और पलायन जैसे मुद्दे लेकर लोगों से संवाद करेगी और राज्य के 1100 बूथों में अपना संगठन खड़ा करेगी। कार्यक्रम को केंद्रीय उपाध्यक्ष युवा इकाई कुलदीप रावत, शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा, सुशील पांडे, राम सिंह, चंद्रशेखर कापड़ी आदि मौजूद रहे।