पिथौरागढ़। दिल्ली में चल रहे युवाओं के आंदोलन के समर्थन में आए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने जिले भर में प्रदर्शन करते हुए पीएम का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीएम मोदी और उनकी सरकार देश के युवाओं की आवाज दबाना चाहती है जो असंभव है। जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में सिल्थाम तिराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में पेपर लीक को रोककर मेहनत करने वाले युवाओं के हितों की रक्षा करने में मोदी सरकार नाकाम साबित हुई है। जब देश के युवा इसका जवाब सरकार से पूछ रहे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रहीं हैं। दिल्ली में चल रहे युवाओं के आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी उतरे को मोदी सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में साफ है कि मोदी सरकार देश में हिटलरशाही चलाना चाह रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब देश के युवाओं को मौजूदा सरकार से भरोसा उठ गया है। ये युवा इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में मनोज ओझा, निशीद उप्रेती, लक्षित भंडारी, नीकिता वर्मा, आशीष हावर्ड, हिमांशु ओझा, पवन माहरा, कमलेश जोशी, चंद्रशेखर मखोलिया, दीपांशु वर्मा, अभिषेक बोरा, जावेद खान सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।