पिथौरागढ़ नगर के बीचोबीच दिनदहाड़े पेंशन लेकर घर जा रहे बुजुर्ग को लूटने वाला एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया है। आरोपी स्मैक की तस्करी में भी लिप्त था। उसके पास से 33.66 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि लूट में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है इसकी खोजबीन जारी है। पुलिस के मुताबिक बीते पांच फरवरी को खड़कोट निवासी चूड़ामणि जोशी बैंक से पेंशन लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगर के बीचोबीच दिनदहाड़े पीछे से आ रहे दो आरोपी उनके हाथ से नगदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की खोजबीन में जुटी। आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए। आखिरकार छह दिन बाद पुलिस लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई। आरोपी मुजम्मिल अंसारी (21) निवासी कृष्णापुरी को पुलिस ने थरकोट-जाख मार्ग पर पकड़ा। गिरफ्तार कर इसकी तलाशी ली गई तो पुलिस टीम हैरान रह गई। आरोपी के पास से लूट की 21,600 रुपये नगदी के साथ ही 33.66 ग्राम स्मैक भी मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304 के साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर इसे जेले भेज दिया। हालांकि पुलिस अब तक लूट के दूसरे आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। एसपी रेखा यादव ने कहा कि दूसरा आरोपी फरार होकर जिले से बाहर चले गया है। आरोपी के नाम का पता चल चुका है। आरोपी सिनेमालाइन निवासी नीरज सार्की की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया कि आरोपी मुजम्मिल अंसारी का आपराधिक इतिहास लंबा है। वह लंबे समय से स्मैक तस्करी में लिप्त था। घरों में चोरी और लूटपाट के उस पर पहले ही चार मामले दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर भी लगा है।