बेड़ीनाग तहसील के नागिला गांव के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर आवास के लिए जमीन मांगी। उन्होंने कहा कि वे भूमिहीन हैं। ऐसे में कहां घर बनाएं समझ में नहीं आ रहा है। भूमि न होने से वे अपने सपनों का घर नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने आवास के लिए भूमि आवंटित करने की मांग की। नागिला के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि वे सात पीढ़ी से गांव में रह रहे हैं। भूमिहीन होने के कारण वे अपना घर नहीं बना पा रहे हैं। पूर्व में शासन-प्रशासन को भूमिहीन प्रमाण पत्र देने के बाद उन्हें आवास के लिए जमीन आवंटित करने का आश्वासन दिया गया था जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से आवास के लिए भूमि आवंटित करने की मांग कर रहे हैं लेकिन शासन-प्रशासन उनके दर्द को अनदेखा कर रहा है। चेतावनी देते हुए कहा यदि उन्हें आवास के लिए भूमि का आवंटन नहीं हुआ तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में नवीन सिंह, बहादुर सिंह, लक्ष्मी देवी, ममता देवी, नंदन सिंह, मंजू देवी, उमा पंचपाल आदि शामिल रहे।