पिथौरागढ़ में संविदा पर ही सही आखिरकार महिला अस्पताल में एक और महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती हो गई है। दूसरी महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने से अब यहां आने वाली सामान्य महिला मरीजों के साथ ही गर्भवतियों को काफी सहूलियत मिलेगी। हालांकि रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए अब भी जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ेगी। महिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ के दो पद स्वीकृत हैं। तीन लाख की महिला आबादी के लिए यहां सिर्फ एक ही महिला रोग विशेषज्ञ तैनात थीं। एक ही विशेषज्ञ को आम महिलाओं के इलाज के साथ ही गर्भवतियों की जांच और प्रसव कराना पड़ रहा था जिससे व्यवस्था बिगड़ गई थी। आखिरकार शासन से एनएचएम के तहत यहां दूसरी महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई है। सोमवार को डॉ. सीमा पुनेठा ने कार्यभार ग्रहण किया। अब महिला अस्पताल में दो महिला रोग विशेषज्ञों की तैनाती होने से महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद छह महीने से रिक्त है। गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला अस्पताल की दौड़ लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार से अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती भी करने की मांग की है ताकि मरीजों को सहूलियत मिले। सीएमओ डॉ. जेएस नबियाल ने कहा कि एनएचएम के तहत महिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई है। इससे महिला मरीजों को काफी राहत मिलेगी। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के प्रयास भी किए जा रहे हैं।