पिथौरागढ़ सीमांत जिले में कर्मचारियों को समय से वेतन तो मिल रहा है लेकिन ये अपनी जिम्मेदारी से हाथ पीछे खींचते हुए तय समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। डीएम आशीष कुमार भटगाईं ने जिला मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों में छापा मारा तो कर्मचारियों की यह लापवाही उजागर हुई। 11 बजे तक भी कार्यालय न पहुंचने पर डीएम ने विभिन्न विभागों के 10 कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। सभी को स्पष्टीकरण भी देना होगा। बृहस्पतिवार को डीएम आशीष कुमार भटगांई ने 10:15 बजे जिला पंचायत कार्यालय, 10:30 बजे होमगार्ड कार्यालय, 10:45 बजे पशुपालन विभाग के कार्यालय तो 11 बजे सीईओ कार्यालय में छापा मारा। इन सभी कार्यालयों में 10 कर्मचारी नदारद मिले। संबंधित कर्मचारियों ने न तो अवकाश लिया था और न तय समय पर कार्यालय पहुंचे। ऐसे में डीएम सभी कर्मियों का वेतन रोकते हुए इनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तय समय पर अपने कार्यालयों में पहुंचना होगा। ऐसा न होना गंभीर लापरवाही है। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। डीएम की छापेमारी से कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं डीएम ने सभी विभागों से ई-ऑफिस अपनाने के निर्देश दिए। कहा कि यदि ई-ऑफिस के जरिए काम नहीं हुआ तो संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई होगी।