छात्रसंघ चुनाव तय समय पर नहीं कराए जाने से गुस्साए एलएसएम परिसर पिथौरागढ़ के छात्रों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इसे छात्र हितों के साथ खिलवाड़ बताते हुए शीघ्र छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बृहस्पतिवार को नैनीताल हाईकोर्ट से उत्तराखंड में राजकीय विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर दायर जनहित याचिका को अंतिम रूप से निस्तारित करने संबंधी फैसले की सूचना मिलते ही एलएसएम परिसर में छात्रसंघ चुनाव की तैयारी में जुटे छात्र नेताओं में नाराजगी फैल गई। छात्र नेता नितिन उप्रेती की अगुवाई में छात्रों ने देर शाम परिसर पहुंचकर अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदेश सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। छात्र नेता नितिन ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहले 30 सितंबर तक छात्रसंघ चुनाव संपन्न कराने और बाद में 25 अक्तूबर को छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद सरकार नियत समय तक छात्र संघ चुनाव नहीं करा पाई। छात्रों ने इसके लिए प्रदेश सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार बताते हुए छात्र हितों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि जब तक छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाएंगे तब तक उनका क्रमिक अनशन जारी रहेगा। इस दौरान गौरव पंत, राज मेहता, ललित बसेड़ा, सुजल बोरा, आदित्य कुमार समेत दर्जनों छात्र क्रमिक अनशन पर बैठे।