मुनस्यारी क्षेत्र के पातों निवासी प्रदीप सिंह दरियाल की हत्या की आशंका जताते हुए मदकोट क्षेत्र के लोगों ने हत्यारोपियों का पता लगाने की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला। लोगों ने मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। बृहस्पतिवार को मदकोट क्षेत्र के लोगों ने मृतक की मां सीता देवी और पिता ललित सिंह दरियाल के साथ मुख्य बाजार में कैंडल मार्च निकाला। यहां हुई सभा में लोगों ने कहा कि बीती छह अक्तूबर से लापता प्रदीप दरियाल का पिछले दिनों घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर शव मिला था। पुलिस उनकी मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने में नाकाम साबित हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रदीप की हत्या हुई है। परिजनों और लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले का खुलासा नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करेंगे। कैंडल मार्च में मृतक का भाई हरीश दरियाल भाई, गंगा सिंह दरियाल, विक्रम हरकोटिया, भवना दरियाल, बेलमती देवी, सरोज धामी, अनिल राज भट्ट, नरेश कर्त्वाल, नवीन भंडारी, छत्र सिंह कोरंगा आदि शामिल रहे।