केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जनता को भाजपा की डबल इंजन सरकार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी कल्पना देवलाल को जिताने की अपील की। पार्टी के चुनाव कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में टम्टा ने केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि सीमांत के लोगों को हवाई सेवा का लाभ मिल रहा है। इससे यात्रियों में भी खुशी है। कहा कि सड़क सुविधा बेहतर होने से बड़ी संख्या में पर्यटक आदि कैलाश पहुंच रहे हैं। इससे होम स्टे, होटल और टैक्सी कारोबारियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। मुनस्यारी से मिलम तक सड़क बनने से वहां भी पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे। टनकपुर-जौलजीबी सड़क का कार्य तेजी से चल रहा है। मेडिकल काॅलेज के लिए केंद्र सरकार ने 450 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा। टम्टा ने कहा कि पिथौरागढ़ में बाक्सिंग खेलों के इवेंट होने है। इससे यहां के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। कहा कि पहली बार नगर निगम बनी पिथौरागढ़ को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट कार्यालय खुलने की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान उन्होंने बीते दिन कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती का स्वागत भी किया। इस मौके पर निवर्तमान जिपं उपाध्यक्ष कोमल मेहता पार्टी प्रत्याशी कल्पना देवलाल, दर्जाधारी गणेश भंडारी, इंदर लुंठी, वीरेंद्र शाह, राकेश देवलाल आदि मौजूद रहे।