जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस के तहत ई-फाइलिंग प्रणाली को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनशिकायतों का तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। बाधित विद्युत और पेयजल आपूर्ति पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने विद्युत विभाग को शाम तक आपूर्ति बहाल करने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान पेयजल, खेत कटान और मानदेय से जुड़ी कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बंदरों और तेंदुए की बढ़ती समस्या को देखते हुए वन विभाग को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। चमपेश्वर क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू कराई गई, जबकि कल्जीखाल में गैस आपूर्ति को नियमित किया गया।