हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के वरिष्ठ कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में आक्रोशित कर्मचारियों ने विवि कर्मचारी परिषद के आह्वान पर कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विवि के कुलपति व कुलसचिव से जांच कमेटी बनाकर आरोपी छात्र नेता पर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र फरस्वाण, सचिव रविंद्र सिलवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र रावत आदि ने कहा कि चाहे छात्र नेता हो या कोई भी हो विवि के किसी भी कर्मचारी के साथ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चार दिन पहले छात्र नेता ने वरिष्ठ कर्मचारी के साथ मारपीट की। जिसकी शिकायत विवि प्रशासन से की गई है, बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके विरोध स्वरूप अभी सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। यदि तीन दिनों के अंदर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन उग्र कर दिया जाएगा।