हल्द्वानी के गौलापार स्थित विजयपुर गांव के ग्रामीण सूखी नदी पर पुल बनवाने की मांग के लिए सोमवार सुबह भूख हड़ताल पर बैठ गए। शासन प्रशासन और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर बाद एसडीएम और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से वार्ता हुई। पांच जून से पुल निर्माण शुरू कराने संबंधी आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट और पूर्व बीडीसी सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विजयपुर के ग्रामीण सोमवार को बुद्ध पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे। उन्होंने कहा कि पिछले कई साल से वह सूखी नदी में पुल बनाने की मांग करते आए हैं लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई। पुल न होने के कारण गांव के सैकड़ों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दोपहर बाद लोनिवि के ईई प्रत्यूष कुमार ने पूर्व बीडीसी सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट को फोन कर वार्ता करनी चाही। कुछ देर बाद एसडीएम मोनिका और ईई बुद्ध पार्क पहुंचे। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से पुल निर्माण को मंजूरी दे दी गई है और पांच जून से निर्माण का काम शुरू करा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने भूख हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी। वहां महेश चंद्र, गोविंद सिंह, परमानंद, तुलसी, आशा पांडे, नवल जोशी, मोहन चंद्र, देवकी नंदन, अनिता आदि मौजूद थे।