नैनीताल शहर में मंगलवार को तीन घंटे की मूसलाधार बारिश ने मानसून सीजन में पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। मल्लीताल में बारिश से मस्जिद के सामने सड़क जलमग्न हो गई और समीपवर्ती रेस्टोरेंट में पानी भर गया। जिला प्रशासन की टीम ने निरीक्षण कर विभागों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। तल्लीताल के रैमजे रोड पर विजय कश्यप की दुकान में पानी घुस गया। बारिश का पानी पिछाड़ी बाजार की कई दुकानों तक पहुंच गया। नैनीताल में दोपहर एक बजे के बाद लगातार मूसलाधार बारिश ने लोगों को डरा दिया। बारिश के दौरान नाले उफान पर नजर आए और सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। मल्लीताल मस्जिद के पास नाले में कूड़ा जमा होने से पानी सड़क पर जमा हो गया। इसके बाद बारिश का पानी सीढ़ियों और दीवार के ऊपर से खेल मैदान में पहुंच गया। बारिश का पानी सीढि़यों से होकर नीचे रेस्टोरेंट में जा घुसा जिसे प्रतिष्ठान स्वामी बाहर फेंकते नजर आए। कुछ लोगों ने नाले के मुहाने से कूड़ा हटाकर पानी की निकासी की। बारिश के दौरान सीवर लाइन में पानी चलने के कारण कई मैनहोल के ढक्कन ऊपर उठ गए। जलभराव की सूचना पर एसडीएम नवाजिश खलीक ने लोनिवि व पालिका की टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के दौरान नाले से पानी की सही निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जलभराव हुआ था। इस कारण सीढि़यों के रास्ते पानी मैदान की ओर चला गया। पालिका और लोनिवि की टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर पानी की निकासी करने के निर्देश दिए हैं।