रामनगर के खंड विकास कार्यालय में मंगलवार को बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को बिना बताए विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके चलते योजनाओं में कई तरह की खामियां सामने आ रही हैं। वही बैठक में 70 शिकायतें दर्ज कराई गईं जिसमें अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जल निगम और जल संस्थान ने जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव पाइप लाइन बिछाई है। लेकिन अब तक तोड़ी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई। जंगलों से सटे क्षेत्रों में अंधेरे की समस्या के निराकरण के लिए उरेडा विभाग से 200 सोलर लाइट लगाने की मांग की गई। जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बैठक में एसडीएम प्रमोद कुमार, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, कनिष्ठ प्रमुख मीना रावत, ग्राम संघ अध्यक्ष नवीन सती, इंदर लाल समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।