नैनीताल के आयारपाटा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर सभासद की आत्मदाह की चेतावनी के बाद अधिकारियों की नींद खुली। अधिकारियों ने सभासद से पुलिस की मौजूदगी में वार्ता की। सभासद ने चेतावनी दी कि अगर 21 जनवरी तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो अन्य वार्डों के सभासद जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। बता दें कि आयारपाटा के सभासद मनोज साह जगाती ने बीते तीन दिनों से उनके क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति नहीं होने पर सोमवार को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। उनकी ओर से सोशल मीडिया में भी इसको लेकर वीडियो प्रसारित किया था। जिसके बाद से ही खुफिया तंत्र व पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में जल संस्थान अधिकारियों ने सभासद के साथ वार्ता की। इस दौरान मनोज साह जगाती के साथ ही अन्य सभासदों ने भी उनके क्षेत्र में पेयजल संकट होने की बातें बताई। मनोज जगाती ने आरोप लगाए कि चेतावनी देने के बाद मंगलवार को उनके पूरे क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति नहीं की गई। जिस पर जल संस्थान अवर अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह क्षेत्र में पानी आपूर्ति करने वाली मेन राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसको दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। शाम तक पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बीते दिनों लाइट नहीं होने के कारण पंप नहीं चल सके थे। जिससे पेयजल आपूर्ति में समस्या आयी है।