नैंसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग ज्योलीकोट की ओर से कुमाऊं क्षेत्र में चार दिवसीय स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। चार मार्च से शुरू होने वाले कार्यक्रम में छात्राएं आमजन को विभिन्न बीमारियों, उनके बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक करेंगी। कॉलेज की चेयरपर्सन मंजू सिंह, निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह और प्राचार्य अल्फोंसा मैथ्यू ने पत्रकार वार्ता में बताया किया कि करीब 250 छात्राएं और 14 शिक्षिकाओं को 10 समूहों में बांटा गया है। यह कुमाऊं के विभिन्न जिलों में रहकर चार दिनों तक पोस्टर, नारे और नाटकों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां जैसे कुपोषण, उच्च रक्त चाप, मधुमेह, टाइफाइड, डायरिया, जच्चा बच्चा इत्यादि के बारे में जानकारी देकर जागरूक करेंगी। नर्सिंग शिक्षक भी शुगर टेस्ट, बीपी टेस्ट, वजन मापन आदि करेंगे। उन्होंने कहा कि नैंसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग कुमाऊं का पहला पूर्णतः आवासीय नर्सिंग कॉलेज है, जो केवल बालिकाओं के लिए है। यहां एमएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की कक्षाएं संचालित हो रही हैं।