हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ काठगोदाम और इसके आसपास चल रहे सीवर और पेयजल लाइन निर्माण संबंधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जल निगम और यूयूएसडीए को 14 जून से पहले निर्माण कार्य पूरे करने और कैंची मेले के संपन्न होने तक नैनीताल रोड पर नए स्थान पर सड़क न खोदने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री हो हटाकर सड़कों को यातायात के लिए सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क किनारे जमरानी बांध परियोजना का काम पूरा हो गया है वहां समतलीकरण का काम जल्द पूरा किया जाए। जुलाई में नैनीताल रोड के किनारे पौधरोपण के लिए स्थान चयन किए जाएं। इस दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।