भीमताल(नैनीताल)। जिला प्रभारी मंत्री खजान दास ने शनिवार को भीमताल ब्लॉक सभागार में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं। जनसमस्या के दौरान ग्राम पस्तोला की ग्राम प्रधान खष्टी राघव ने मंत्री को बताया कि उनकी ग्राम पंचायत जमरानी बांध क्षेत्र में भी आती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के खराब होने के चलते अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने पर अधिकारी बोलते हैं की आपके वहां की सड़क बेहद खराब है ऐसे में हम कैसे आएं। उन्होंने कहा कि इसके चलते अधिकारी गांव तक नहीं पहुंच पाते। मंत्री ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क की समस्या को तत्काल हल करने को कहा। राज्य आंदोलनकारी प्रेम सिंह कुल्याल ने भीमताल में सिडकुल की भूमि पर उद्योग न लगाकर होटल और होम स्टे चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिडकुल में अगर आईटी कंपनी और अन्य उद्योग लगाए जाएंगे तो स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही लोगों ने कहा कि सिडकुल के अधिकारी किसी भी बैठक में नहीं आते हैं। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम और सीडीओ से सिडकुल के अधिकारियों को नोटिस भेज कार्रवाई को कहा