पांच माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के उपनल कर्मियों ने मंगलवार को जुलूस निकाला। मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन का घेराव कर सरकार की सद्बुद्धि के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। उन्होंने बुधवार सुबह कार्य बहिष्कार के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में भीख मांगकर विरोध जताने की बात कही। नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में मेडिकल कॉलेज पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार को भुखमरी की कगार पर आ चुके कर्मियों पर दया नहीं आ रही है। कहा कि वेतन की मांग करने पर शासन में पदों के सृजन का काम चलने का बहाना बनाया जा रहा है। वहां राजेंद्र बिष्ट, दीपा शर्मा, नीलम बिष्ट, पंकज खुल्वे, मनीष तिवारी, प्रताप बोरा, डूंगर सिंह मटियानी आदि थे।