नैनीताल। शहर की लोअर मॉलरोड के क्वालिटी बोट स्टैंड स्थित शिव मंदिर में श्रावण माह के पहले सोमवार को विशेष पूजन एवं भंडारा किया गया। संस्था की ओर से बीते 25 वर्षों से यहां आयोजन किया जा रहा है। शिव स्नान के बाद उनका विधिवत पूजन किया गया। हवन आदि के बाद यहां भव्य भंडारा भी हुआ। दोपहर बाद हुए भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों की ओर से यहां लोअर मॉलरोड में पंडाल लगाया गया था। आयोजकों के मुताबिक प्रतिवर्ष यहां स्थित शिव मंदिर में रोजी अहमद एवं मुख्तार अहमद की ओर से पेंटिंग से शिव की विशेष प्रतिमा बनाई जाती है। इस वर्ष भी उनकी ओर से यहां शिव पार्वती की पेंटिंग बनाकर उसे मंदिर में स्थापित किया। दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या ने भी आयोजन में शिरकत की और भंडारे में प्रसाद बांटा। आयोजन की सफलता में पूरन सिंह बोहरा, मनोज कुमार, मुकेश जोशी, करन जोशी, अंकित चंद्रा, भगवत प्रसाद, मुख्तार अहमद, रोज़ी अहमद आदि रहे।