दूसरे चरण में कोटाबाग, हल्द्वानी, भीमताल और रामनगर ब्लॉक में आज होने वाले चुनाव के लिए रामपुर रोड स्थित एचएन इंटर कॉलेज से 496 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। 26 मतदान पार्टियां शानिवार को रवाना हो गई थीं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए चारों ब्लॉकों में 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 13 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले के चारों ब्लॉकों में 522 पोलिंग पार्टियां चुनाव कराएंगी, इनमें कुल 2880 कर्मचारी हैं। 54 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे तक बूथ परिसर में प्रवेश कर चुके मतदाता वोट डाल पाएंगे। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए एडीएम विवेक राय, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने व्यवस्थाएं संभालीं। आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह ने वाहनों की फिटनेस देखी। पोलिंग पार्टियों को ले जा रहे वाहनों के चालकों की एल्कोमीटर से जांच की गई। इस दौरान कोई भी चालक शराब के नशे में नहीं मिला। इसके बाद सभी वाहनों को गंतव्य स्थल के लिए भेजा गया। एडीएम ने कोटाबाग और हल्द्वानी के बूथों का जायजा लिया अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कोटाबाग एवं हल्द्वानी विकासखंड के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों में सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।