देश की नई न्याय संहिताओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बैरागी कैंप में आयोजित राज्यस्तरीय ‘न्याय संहिता’ प्रदर्शनी का बुधवार को समापन हो गया। सात मार्च से शुरू हुई यह प्रदर्शनी पांच दिनों तक चली, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों ने पहुंचकर नई न्याय व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। उत्तराखंड पुलिस की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य भारतीय न्याय प्रणाली में हुए हालिया बदलावों, तकनीकी सुधारों और नागरिकों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों से लोगों को अवगत कराना था। प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और कानून से जुड़ी बारीकियों को समझा। प्रदर्शनी में न्याय संहिता के प्रावधानों को सरल और प्रभावी तरीके से समझाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया। समापन पर हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य सहित कई अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नई न्याय संहिताओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने में काफी मदद मिली।