ग्राम रावली महदूद में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। घरों में पानी न पहुंचने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोटरों का प्रेशर और पैमाना कम होने की वजह से कई मोहल्लों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।पानी की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने गांव की पानी की टंकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इस समस्या को संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाएंगे और जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और गांव में पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।