अमर उजाला की ओर से आयोजित “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान जाना। मां सरस्वती पब्लिक स्कूल बहादराबाद में आयोजित कार्यक्रम में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, यातायात नियमों और साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे। एआरटीओ नेहा झा ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन बनाई गई, लेकिन सड़क दुर्घटनाओं से बचने का एकमात्र उपाय यातायात नियमों का पालन और जागरूकता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के लिए कोई वैक्सीन नहीं है, इसलिए सभी को नियमों का पालन करना चाहिए। वहीं ज्वालापुर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बच्चों को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर भी नोट करवाए और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की राजस्थानी नृत्य और कृष्ण रास की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।