हल्द्वानी में रविवार रात बरेली रोड पर तब तनाव बढ़ गया जब मंदिर के पास गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना फैल गई। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और कई दुकानों के शटर गिरने लगे। आसपास के बाजार बंद हो गए। शमा डीलक्स रेस्टोरेंट पर पत्थरबाजी होने पर पुलिस ने इसे तुरंत बंद कराया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
फोरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी रही। बाद में गली के एक मकान की सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि अवशेष एक कुत्ता मुंह में दबाकर लाया था और मंदिर के पास छोड़कर चला गया। इसके बाद पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च किया और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी फोर्स तैनात की गई।
घटना के बाद महापौर गजराज सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कुछ लोगों ने घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास आवश्यक फुटेज और साक्ष्य हैं और जांच जारी है। साथ ही नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और संयम बरतने की अपील की गई।