बनबसा में नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने को लेकर यहां आयोजित महादंगल का समापन हो गया। दंगल के छठे दिन की बीती रात्रि बृहस्पतिवार कुश्ती का शुभारंभ भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी और व्यवसायी भरत प्रसाद ने किया। राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर नशे के खिलाफ चले महादंगल के छठे दिन बीती देर शाम बृहस्पतिवार को कई पहलवानों ने अपने दांव पेच दिखाए। शास्त्री पहलवान के करतब देख लोग अचंभित रह गए। महिला पहलवान नमृता थापा और आकांक्षा के बीच हुई कुश्ती का लोगों ने लुत्फ उठाया। बनबसा में कुश्ती शुरू करने वाले बनबसा सेना छावनी के पहलवान नवल किशोर और उनके शिष्य अफरोज खान, दंगल के संचालक शास्त्री पहलवान, अमजद पहलवान को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समापन मौके का संचालन दंगल आयोजक भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट ने किया। वहां सुनीता मुरारी, उस्मान खान, अनिल गुप्ता, देवेंद्र चौहान, योगेश चंद, दीपक सक्सेना, प्रमोद गुप्ता, रूकमणी उनियाल, अमर पाल आदि ने सहयोग दिया। इस मौके पर कमलेश भट्ट ने बताया कि नशे के खिलाफ युवाओं को खेलों से जोड़ने का उनका अभियान जारी रहेगा।