चंपावत में सैनिक कल्याण विभाग चंपावत परिसर में शनिवार को कारगिल विजय दिवस गर्व, सम्मान और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अमर जवान स्मारक पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने वीर शहीदों की स्मृति में दीप जलाकर किया। अतिथियों, पूर्व सैनिकों और उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वीर नारियों, वरिष्ठ पूर्व सैनिकों और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।