चंपावत में कलश संगीत कला समिति की ओर से खड़ी बाजार स्थित प्रकाश पांडेय के निवास पर बैठकी होली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शास्त्रीय संगीत की गरिमा और होली के रंगों का अनूठा संगम साबित हुआ। इस दौरान कलाकारों ने विभिन्न रागों में होली से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। होल्यार दिनेश बिष्ट ने राग श्याम कल्याण में बहुत दिन के रूठे श्याम को होली में मना लाऊंगी गाकर समा बांधा। वहीं, गिरिश पंत ने राग काफी में गाओ सुहागन होली, बरस की घड़ी अलबेली जैसे गीतों से महफिल को संवारा। तुलसी दत्त जोशी ने भी राग काफी में कल रात मोको नींद बालम कहां रैन बिताई की मधुर प्रस्तुति दी। संजय जोशी ने राग सहाना में संग की सहेली सब दूर निकस गई, ना रोको मोरी भरी रे गगरियां गाया।