लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त राजकीय इंटर कॉलेज सवाड़ का पैदल मार्ग बुधवार को अभिभावकों के श्रमदान से फिर से खोल दिया गया। मुख्य पैदल मार्ग और आरसीसी पुलिया का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही बाधित हो गई थी। सूचना मिलते ही करीब 25 अभिभावक कुदाल, गैती और फावड़ा लेकर मौके पर पहुंचे और लगभग चार घंटे के श्रमदान से मार्ग को सुचारु किया। प्रधानाचार्य महेंद्र राम आर्य ने अभिभावकों का आभार जताया। वहीं लोक निर्माण विभाग के अनुसार, सुयालकोट में बंद देवाल-खेता सड़क भी बुधवार शाम करीब साढ़े तीन बजे यातायात के लिए खोल दी गई।