वन विभाग की ओर से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभाग दिवस का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जंगली जानवरों के फसलों को नुकसान पहुंचाने की समस्या का समाधान करने की मांग की। शनिवार को चिंतन मंथन सभागार में डीएफओ आदित्य रत्न की अध्यक्षता में आयोजित प्रभाग दिवस में 50 ग्रामीणों ने 21 शिकायतें दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि रात में जंगली सुअर और दिन में बंदर, लंगूर उनकी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। जंगली सुअरों कई बार लोगों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। डीएफओ ने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष समस्याओं के लिए के लिए कर्मचारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिले के गढ़खेत, धरमघर, बैजनाथ, कपकोट और ग्लेशियर रेंज कार्यालय में भी विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षेत्र में चलाए जा रहे वृक्षारोपण, वन संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी। इस मौके पर एसडीओ तनुजा परिहार, रेंजर केवलानंद पांडेय आदि मौजूद रहे।