बागेश्वर में मेहनत और जज्बे के दम पर विपरीता हालातों को मात देकर विद्यालय टॉप करने वाली अटल उत्कृष्ट जीआईसी की छात्रा संजना का स्कूल में सम्मान किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने उसके आईएएस बनने के सपने को साकार करने में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उसे एक हजार रुपये का वजीफा प्रदान कर रहे रिटायर्ड कर्नल डीपी डिमरी ने उच्च शिक्षा तक मदद जारी रखने का आश्वासन दिया है। भोलाथल गांव की संजना ने इंटर में 91 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता की प्रेरणा के साथ शिक्षकों का हाथ और रिटायर्ड कर्नल डिमरी की ओर से मिलने वाली आर्थिक मदद भी सहायक रही। बृहस्पतिवार को संजना को सम्मानित करने के लिए स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि संजना ने अपने लक्ष्य की पहली अहम सीढ़ी पार कर ली है। अब उसे अपने सपने को साकार करने के लिए कठोर परिश्रम करना होगा। भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडेय ने उसे बुक बैंक से पीसीएस और आईएएस की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराईं। शिक्षिका हिमानी उप्रेती और मुन्नी गोस्वामी ने एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।अन्य शिक्षकों ने भविष्य की तैयारी के लिए आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर शिवबरन राजपूत, सुखदेव लाल, पूनम बिष्ट, डॉ. विजयश्री पंत, किशन सिंह राणा, मेघा कोरंगा, प्रकाश भट्ट, चंद्रावती, आशा राणा, भगवती बोरा आदि मौजूद रहे।