बागेश्वर जिले के नुमाइशखेत मैदान में रामलीला मंचन का आगाज हो गया है। पहली रात नट-नटी संवाद से भगवान राम के जन्म तक की लीला का मंचन किया गया। देर रात तक नगरवासी रामलीला देखने के लिए दर्शक पंडाल में जमे रहे। रामलीला का शुभारंभ बागनाथ मंदिर के पुष्कर गिरि महाराज, मनप्रीत गिरि और जगदीश गिरि और कमेटी के संरक्षकों ने किया। पहली रात की रामलीला में कोरस गान, नट-नटी संवाद, रावण, कुंभकर्ण, विभीषण की तपस्या और भगवान ब्रह्मा से वरदान मांगना, अयोध्या में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और जनकपुरी में सीता के जन्म तक की लीला का मंचन किया गया। नट कि भूमिका में नीरज उपाध्याय, नटी में कासमी, दशरथ में पंकज पांडेय, और रावण की भूमिक में गुलशन कक्कड़ ने अभिनय किया। अन्य कलाकारों ने भी अपनी कला से दर्शकों का मन मोहा। इस मौके पर कमेटी के संरक्षक नवीन साह, अनिल साह, हरीश सोनी, विजय वर्मा, उमेश साह, अध्यक्ष दीप लाल साह, फकीर चंद्र, तारा पांडेय, अंकुर उपाध्याय, मनोज लोहनी आदि मौजूद रहे।