बागेश्वर जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के दस साल पूरे होने पर बाल विकास और खेल विभाग की ओर से बालिका वर्ग का सद्भावना वॉलीबाल मैच कराया गया। मुकाबले में दो टीमों ने भागीदारी की। स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-0 से एकतरफा जीत हासिल की। कॉलेज के खेल मैदान में हुए वॉलीबाल मैच का शुभारंभ सीडीओ आरसी तिवारी और बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजूलता यादव ने किया। डॉ. यादव ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना बालिका लिंगानुपात बढ़ाने और उन्हें शिक्षित करने में मददगार साबित हो रही है। जागरूकता कार्यक्रमों ने लोगों में बालक-बालिका के भेद को कम करने में मदद की है। सद्भावना मैच में स्टेडियम और जिम कार्बेट की टीम ने भागीदारी की। स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीनों सेट अपने नाम करते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। विजेता और उपविजेता टीम को ट्राॅफी और पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर गरुड़ की परियोजना अधिकारी आशा भट्ट, रेनू नगरकोटी, राजेंद्र दफौटी आदि मौजूद रहे।