बागेश्वर जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के नवनियुक्त प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की रिपोर्ट कार्ड पेश की। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें कलियुग में भगवान का दूसरा अवतार करार दिया। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रभारी मंत्री ने कैड़ा ने कहा कि पीएम मोदी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर महाशक्ति और विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्रियों के इतिहास में मोदी सबसे सफल और लंबे समय तक देश की सेवा करने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच चुके हैं। पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पहले दिल्ली से भेजा गया एक रुपया धरातल तक पहुंचते-पहुंचते महज 25 पैसे रह जाता था लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में पारदर्शिता के साथ शत-प्रतिशत लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।