फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar: बागनाथ मंदिर में शिवरात्रि पर गूंजी सतराली की होली, उड़ा अबीर-गुलाल

बागेश्वर नगर के बागनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शिवरात्रि के इस पावन मौके पर जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सतराली की होली पारंपरिक अंदाज में भगवान बागनाथ के दरबार पहुंची। ढोल-दमाऊ की थाप की गूंज के बीच होल्यारों ने मंदिर परिसर को फागुन के रंगों से सराबोर कर दिया। महाशिवरात्रि पर शनिवार सुबह से ही बागनाथ मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। इसी बीच सतराली क्षेत्र से आए होल्यारों की टोली जब मंदिर पहुंची, तो पूरा परिसर शिव शंकर भोले और जय बागनाथ के जयकारों के साथ होली के गीतों से गुंजायमान हो उठा। सतराली की होली की यह परंपरा दशकों पुरानी है, जहां महाशिवरात्रि के दिन भोलेनाथ के चरणों में अबीर-गुलाल अर्पित कर होली का विधिवत आगाज किया जाता है। होल्यारों ने जब बागनाथ मंदिर के प्रांगण में होली गायन शुरू किया, तो वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। शास्त्रीय और खड़ी होली के रागों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूम उठे। होल्यारों ने एक दूसरे को अबीर का टीका लगाकर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन, होली खेले गिरजापति नंदन... के साथ होली गायन की शुरूआत हुई। धीरे-धीरे होली का रंग चढ़ा और होल्यार पूरे रंग में नजर आए। युवाओं और बुजुर्गों ने आपसी समन्वय से होली गायन किया। होल्यारों ने हां जी शंभू तुम क्यों ने खेले होली लाला होली गाकर भगवान शिव की स्तुति की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें