भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेगी ने संगठन की मजबूती पर मंथन बागेश्वर। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के जिले में पहुंचने पर जिला किसान मोर्चा की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने जिले में आगमन पर उनका स्वागत किया, उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की मजबूती पर मंथन किया। शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रदेश अध्यक्ष नेगी ने नीलेश्वर क्षेत्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मोर्चे के जिलाध्यक्ष उमेद सिंह रावत ने की। बैठक में जिले के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष और उनकी टीमें विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रदेश अध्यक्ष नेगी ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए केंद्र व राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व जिपं अध्यक्ष बसंती देव, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह परिहार आदि मौजूद रहे।