बागेश्वर जिले के उत्तराखंड क्रांति दल की आम बैठक और जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन में पार्टी के नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ-साथ पूर्व पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं का नवीनीकरण फार्म भी भरा गया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण में भजपा पर गंभीर आरोप लगाए। नगर क्षेत्र में सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। रविवार को नगर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने की सम्मेलन के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आने के बावजूद दोषियों को बचाने के लिए पूरी भाजपा एकजुट हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में शामिल वीआईपी व्यक्तियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे जनता का न्याय व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है। जिलाध्यक्ष जोशी ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच, सभी दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें कठोरतम सजा दिए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो उक्रांद जनआंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पिंडारी रोड से एसबीआई तिराहे तक आक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का संचालन संरक्षक भुवन कांडपाल ने किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष हीराबल्लभ भट्ट, गौरी दत्त जोशी, पंकज धपोला, योगेश पाठक, विमल फुलारा आदि मौजूद रहे।