बागेश्वर में कोतवाली पुलिस ने होटल स्वामी को डरा-धमाकर रंगदारी वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल की इमारत को अवैध बताकर उसे ध्वस्त कराने की धमकी देते हुए हजारों रुपये वसूल लिए थे और लाखों की अतिरिक्त मांग कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। रविवार को कोतवाली परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीओ अजय लाल साह ने बताया कि नगर निवासी विक्रम सिंह दानू ने बीते 16 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गोपाल चंद्र बनवासी नाम का व्यक्ति उनके होटल की इमारत को अवैध निर्माण बताकर उसे प्रशासन से ध्वस्त कराने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने इस एवज में उनसे 40 हजार रुपये वसूल लिए थे और 2.5 लाख रुपये की और रंगदारी मांग रहा था, जिससे वे मानसिक तनाव और व्यवसायिक क्षति झेल रहे थे। शिकायत के आधार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली करने की धराओं में प्राथमिकी दर्ज की। विवेचना के दौरान किसी को मौत या गंभीर चोट का डर दिखाकर जबरन वसूली करने की धारा में बदल गई। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को आरोपी गोपाल बनवासी उर्फ गोपाल राम निवासी रीठा, कंधार को धर्मपुर चौकी जसपुर खटीमा ऊधमसिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बैजनाथ थाने में रंगदारी और अन्य धाराओं में पूर्व से ही तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है और क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने के लिए कुख्यात रहा है।