संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग सचिव दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणाओं की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।सचिव दीपक कुमार जिले के नवाचारी कार्यों को लेकर डीएम आलोक कुमार पांडेय की सराहना की। डीएम ने जिले में संचालित योजनाओं एवं बेस्ट प्रैक्टिस को लेकर हुए कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया। डीएम ने सचिव को बताया कि जिले में स्थित महावतार बाबा की गुफा के मार्ग को इको ट्रैक के रूप में सुदृढ़ किया जा रहा है। इस कार्य के लिए जिला स्तर से ही वित्त पोषण की व्यवस्था भी कर ली गई है। जागेश्वर के निकट में ऐरावत गुफा को मेडिटेशन प्वाइंट के रूप में और जटा गंगा ट्रैक को प्री वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग सचिव दीपक कुमार ने सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों को सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम भ्रमण आवंटित किए गए हैं, वह रोस्टर के अनुसार उनका भ्रमण कर लोगों की शिकायतों का समाधान करें। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होंने बताया कि संस्कृत एवं भारत की पुरातन संस्कृति को संजोने तथा उसका संरक्षण करने के उद्देश्य से उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में एक - एक संस्कृत ग्राम भी चयनित किया गया है। अल्मोड़ा में ताड़ीखेत ब्लाक के जैंती पांडेकोटा गांव को संस्कृत ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। वहां एडीएम सीएस मर्तोलिया, सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।