भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। क्वारब पर पहाड़ी दरकने से तीन जिलों की लाइफ लाइन अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर मलबा आ गया। एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण कुल 17 सड़कें बंद है। स्याल्दे में नदी के उफान में आने से कई किसानों के खेत बह गए हैं। चौखुटिया में कई घरो में बारिश का पानी घुस गया। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप है। बीते मंगलवार की देर रात और बुधवार को हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। बुधवार को सुबह तड़के क्वारब पर एक बार फिर पहाड़ी दरक गई है। इस कारण अल्मोड़ा हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109 में किमी 56 में भारी मलबा आ गया। इस कारण एनएच यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। दो जेसीबी, एक पोकलैंड की मदद से मार्ग से मलबा हटाया जा रहा है। दो राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण सड़कें बंद होने से आवाजाही ठप है। सड़कें बंद होने से लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से सड़कों में बने गड्ढों में पानी भर से वह तलैया बन गई है। बारिश में सफर के दौरान गड्ढे दिखाई नहीं देने से कई दोपहिया चालक चोटिल हुए। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा।