चौखुटिया क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक के बीच वन विभाग को एक और सफलता मिली है। सिमलखेत क्षेत्र के तोक पुराना लोहबा में एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, हालांकि क्षेत्र में अब भी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। इस अभियान में वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की भी अहम और सराहनीय भूमिका रही। ग्रामीणों ने तेंदुए की लगातार गतिविधियों की सूचना समय पर वन विभाग को दी, जिसके बाद रणनीति बनाकर पिंजरा लगाया गया और सफलता मिली। गांव के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी करीब तीन तेंदुओं की मौजूदगी देखी जा रही है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार पिंजरे लगाए जाएं और वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात्रि में अकेले बाहर न निकलने तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वन विभाग की सक्रियता और ग्रामीणों के सहयोग से जल्द ही तेंदुए के आतंक से पूरी तरह निजात मिलेगी।