अल्मोड़ा निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। आप के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट और जिला महामंत्री लक्ष्मी दत्त शर्मा समेत आठ आप नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। विधायक मनोज तिवारी ने प्रेसवार्ता कर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। निकाय चुनाव में पाला बदलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। आप नेताओं ने भी मौका देखकर पलटी मार ली। यहां एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में आप के जिलाध्यक्ष बिष्ट, महामंत्री, जिला सचिव एसआर वेग और अरुण तिवारी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, पूर्व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मोहन सिंह देवड़ी, आप कार्यकर्ता तारा दत्त खुल्बे, भूपाल सिंह भाकुनी कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान हुई प्रेस वार्ता में विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर कई लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही कई अन्य लोग भी कांग्रेस में शामिल होंगे। कांग्रेस नेता बिट्टू कर्नाटक के पार्टी छोड़ने के सवाल पर विधायक ने कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी में पूरा सम्मान मिला और कई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इसके बावजूद उनका पार्टी छोड़ना समझ से परे है। कांग्रेस के पास ओबीसी चेहरों की कमी नहीं थी। पार्टी ने भाजपा से आए भैरव गोस्वामी को मजबूत पाया तो उन्हें टिकट दे दिया।