शिवरात्रि के मौके पर शुक्रवार को जो भक्त नेपाल नहीं जा सकते वह कानपुर में ही बने पशुपतिनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन व पूजन कर रहे थे। केसा कॉलोनी चंद्र विहार स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को नेपाल के पशुपति नाथ मंदिर की तर्ज पर सजाया गया था। महाशिवरात्रि के दिन बाबा पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इस मंदिर की स्थापना 44 साल पहले 1979 को हुई थी। तब नर्मदा नदी से महादेव का भव्य शिवलिंग यहां पर स्थापित किया गया। मान्यता है कि क्षेत्र में एक दुर्घटना में नंदी की मृत्यु होने के बाद स्व. आचार्य वेद नाथ द्विवेदी ने पशुपतिनाथ मंदिर का निर्माण करवाया। सुबह यहां पर बाबा भोलेनाथ का रूद्राभिषेक विधि विधान से पूर्ण हुआ और पूरा दिन प्रसाद वितरण का दौर चलता रहा। यहां पर मनीष रस्तोगी, सुशील तिवारी, करुणा शंकर, मुख्य पुजारी हरिनारायण , ऋषि दुबे, राजेश बाबा, सौरभ मिश्रा आदि भक्तों ने सहयोग दिया।