भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट स्थित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ में स्थित हनुमान मंदिर से चोरी के तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार की रात रत्नाकर पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को सभी को जेल भेज दिया गया। इनमें साकेत नगर का राजू खान, रानीपुर महमूरगंज का ध्रुव कुमार वर्मा और दशमी सरायनंदन खोजवा का संतोष वर्मा शामिल है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि अस्सी चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, अन्य सामान और 1500 रुपये नगद बरामद किए हैं। 26 अप्रैल की रात (शनिवार) मंदिर के भीतर से चांदी का हार और पीतल का पात्र चोरी हुआ था। मठ में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई थी। पुलिस ने श्रीविद्या मठ के ब्रह्मचारी परमात्मानंद की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।