सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 के संत रविदास मार्ग पर पिछले लगभग सात महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय जनता कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुकी है, जिसके बाद अधिकारी आते हैं और दो-तीन दिन का दिखावटी काम करवाकर आधा-अधूरा छोड़कर चले जाते हैं। जब क्षेत्रीय नागरिक कारण पूछते हैं तो कहा जाता है कि बजट खत्म हो गया है। उक्त बातें बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने कही। कहा कि इस मार्ग से हजारों की संख्या में प्रतिदिन श्रद्धालु, स्कूली बच्चे और आम नागरिक गुजरते हैं। सड़क पर बने कीचड़ और गंदे पानी के कारण प्रतिदिन लोग गिरकर चोटिल होते हैं, कई लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं। अब पिछले 20-25 दिनों से काम फिर से पूरी तरह बंद पड़ा है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद, विधायक और मेयर मौन हैं। इस उपेक्षा से त्रस्त होकर आज क्षेत्रीय जनता के साथ सीवर के गंदे पानी में स्नान कर अर्धनंग होकर थरिया, लोटा और घंटा बजाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया है। अमन ने कहा कि अगर अगले दो दिनों के भीतर सड़क और सीवर का काम शुरू नहीं हुआ, तो हम नगर निगम कार्यालय में भू-हड़ताल (भूख हड़ताल) करेंगे। प्रदर्शन में लाल बहादुर यादव, बाबूलाल यादव, मुसन्न यादव, पगल यादव कुंदन यादव बुल्ला यादव गोलू यादव हिमांशु प्रजापति महेंद्र प्रजापति समेत तमाम क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।