उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी की ओर से बुधवार को हौज कटोरा स्थित पुरुषोत्तम भगवान मंदिर में विशेष पूजन एवं प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने भगवान पुरुषोत्तम से पूरे विश्व, भारत देश और काशी की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान भीषण गर्मी से राहत, विश्व शांति और समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में भगवान पुरुषोत्तम को 33 मालपुआ, पान, दीपक, केला, तुलसी की माला सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित की गईं। कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व स्तर पर जो परिस्थितियां बनी हुई हैं, उसमें सभी समाज और वर्गों के सुख-समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की गई है। प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि भारत में पर्व और त्योहार आस्था एवं संस्कृति के प्रतीक हैं। उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी हमेशा से सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि काशी की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे देश में मिसाल है और इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नवरात्र और रमजान जैसे पर्वों को भी कमेटी ने आपसी भाईचारे के साथ मनाने में सहभागिता निभाई है। उन्होंने अधिक मास के धार्मिक महत्व का भी उल्लेख किया। कहा कि भारतीय वैदिक गणना सूर्य और चंद्रमा पर आधारित है तथा दोनों की गणना में अंतर के कारण प्रत्येक तीन वर्ष में अधिक मास आता है, जिसके अधिपति भगवान विष्णु माने जाते हैं। इसी अवसर पर विशेष पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महेश चंद्र महेश्वरी, अमिताभ दीक्षित, आकाश त्रिपाठी, अरुण सोनी, अजय श्रीवास्तव, बैजनाथ प्रसाद उर्फ घुटूर, प्रेमदीप तिवारी, मनोज वर्मा मन्नू, सुनील सिंह, अशोक विश्वकर्मा, सुनील चतुर्वेदी, अनिल जायसवाल, राजकुमार कुशवाहा, अमीर हैदर भोलू समेत कई लोग मौजूद रहे।